झांसी से उठी मांग… ‘हमाए दद्दा को दौ जाए भारत रत्न, तबे होय सही सम्मान’ – Tv News India

शाश्वत सिंह/झांसी. मेजर ध्यानचंद की कर्मभूमि और क्रीडा स्थल रही झांसी से एक बार फिर उनको भारत रत्न देने की मांग उठ गई है. झांसी वासियों ने अपने दद्दा ध्यानचंद के लिए भारत रत्न की मांग उठाई है. झांसी के रहने वाले मेजर ध्यानचंद ने अपना पूरा जीवन हॉकी को समर्पित कर दिया था. एक समय ऐसा भी आया था जब जर्मनी के तानाशाह हिटलर ने ध्यानचंद को जर्मनी की तरफ से खेलने का ऑफर दिया था. लेकिन मेजर ध्यानचंद ने हिटलर की आंख में आंख मिलाकर साफ मना कर दिया था कि वह भारत के अलावा किसी और देश के लिए नहीं खेलेंगे.
झांसी के हॉकी प्रेमी केशवानंद कुशवाहा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ना सिर्फ हॉकी बल्कि हर खेल के खिलाड़ी के लिए आदर्श है. उन्हें भारतीय खेलों का जनक कहा जाता है. वह सही मायनों में भारत रत्न हैं. राष्ट्रीय स्तर की हॉकी खिलाड़ी ऋषभ आनंद ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपना पूरा जीवन हॉकी को दे दिया था. अब यह राष्ट्र की जिम्मेदारी है कि अपने सबसे होनहार पुत्र को भारत रत्न दिया जाए.
झांसी में रहने वाली मुस्कान ने कहा कि हम सब ने बचपन से मेजर ध्यानचंद की कहानी सुनी है. उनके खेल की पूरी दुनिया दीवानी थी. ऐसे व्यक्ति को भारत रत्न अवश्य मिलना चाहिए. झांसी के वरिष्ठ साहित्यकार रिपुसूदन नामदेव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद जन्म से ही भारत रत्न थे. सचिन तेंदुलकर को अगर भारत रत्न दिया जा सकता है तो मेजर ध्यानचंद को भी अवश्य दिया जाना चाहिए.
.
FIRST PUBLISHED : August 28, 2023, 22:33 IST